Namaz in Train: ट्रेन में रास्ता रोक कर लोगों ने पढ़ी नमाज, BJP नेता ने Video शेयर करके की कार्रवाई की मांग

आए दिन सार्वजनिक स्थलों पर नमाज पढ़ते हुए लोगों का वीडियो वायरल होता रहता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में यात्रा के दौरान ट्रेन के स्लीपर कोच के गलियारे में कुछ लोग नमाज पढ़ते दिखे। वीडियो शहर के खड्डा रेलवे स्टेशन पर खड़ी सत्याग्रह एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15273) का बताया जा रहा है। ये वीडियो बीजेपी के पूर्व विधायक दीपलाल भारती द्वारा कथित तौर पर शूट किया गया है।

बीजेपी नेता ने उठाई मांग

जानकारी के मुताबिक, वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी नेता दीपलाल भारती ने कहा, ‘वह सत्याग्रह एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे, जब उन्होंने चार लोगों को नमाज अदा करते हुए देखा, जिससे अन्य यात्रियों का रास्ता अवरुद्ध हो गया। दीपलाल भारती ने कहा, “मैंने वीडियो बनाया। उन्होंने स्लीपर कोच में नमाज अदा की। इससे असुविधा हुई क्योंकि अन्य यात्री ट्रेन में प्रवेश करने या बाहर निकल नहीं पा रहे थे। वे सार्वजनिक स्थानों पर नमाज कैसे पढ़ सकते हैं? यह गलत है।”

पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि कोच के दो तरफ दो लोग लोगों को कोच में प्रवेश करने और बाहर निकलने से रोक रहे थे। दीपलाल भारती ने भारतीय रेलवे के अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

पहले भी सामने आए कई मामले

उत्तर प्रदेश में किसी सार्वजनिक स्थान पर नमाज अदा करने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले, लखनऊ के लुलु मॉल में नमाज अदा करने वाले लोगों के एक ग्रुप को दिखाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया था।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )