रायबरेली में नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 7 किलो गांजा समेत तीन गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिलें भी बरामद

रायबरेली: जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बछरावां पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर 7 किलो 100 ग्राम अवैध गांजे के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों के पास से दो मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल वे नशीले पदार्थों की सप्लाई में कर रहे थे।

मंदिर के पास बिछाया गया था जाल

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बछरावां पुलिस को गुरुवार को अहम सुराग मिला। मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लोग भारी मात्रा में गांजा लेकर निकलने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने महामाई माता मंदिर और ग्राम सेंगों पश्चिम के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

Also Read: UP: ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत मुगलसराय पुलिस का बड़ा एक्शन, 528 किलो गांजा किया गया नष्ट, कीमत 1 करोड़ से अधिक 

उन्नाव और रायबरेली के रहने वाले हैं तस्कर

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान युवराज सिंह निवासी ग्राम रजबाड़ा, पोस्ट मवई, थाना मौरावां, जनपद उन्नाव, नीरज निवासी मवई, थाना मौरावां, जनपद उन्नाव और तेजप्रकाश निवासी ग्राम सेंगों पश्चिम, बछरावां के रूप में हुई है।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 07 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें (UP35AV3410 और UP33AP4697) भी जब्त की गई हैं, जिन्हें एमवी एक्ट की धारा-207 के तहत सीज कर दिया गया है।

Also Read: ओडिशा से लखनऊ लाया जा रहा था गांजा, यूपी STF ने 4 तस्करों को किया गिरफ्तार

भेजे गए जेल

थाना बछरावां पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)