Etawah: सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जसवंतनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस की लगातार चेकिंग से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में खलबली मची रही।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने, बाइक पर तीन सवारी बैठाने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने तथा कार में बिना सीट बेल्ट लगाए सफर करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 85 वाहन चालकों के चालान किए गए। इन चालानों के माध्यम से 1 लाख 83 हजार रुपये समन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियम महज कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि वाहन चालक और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। नियमों की अनदेखी कई बार गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती है।
ALSO READ: रायबरेली पुलिस को मिला पहला डॉग स्क्वायड, BSF एकेडमी से ली 9 महीने की ट्रेनिंग
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने रॉन्ग साइड वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने से बचने की अपील की। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही।

















































