इटावा घर में खड़े इलेक्ट्रिक स्कूटर में जोरदार धमाका, देखते ही देखते धधक उठा पूरा मकान

इटावा: कस्बा भरथना के मोहल्ला गोविंद नगर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर में खड़े इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके के बाद स्कूटर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर घर में रखा सामान, एक बाइक समेत अन्य घरेलू सामग्री जलकर खाक हो गई।

अचानक हुए जोरदार धमाके की आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजनों में दहशत फैल गई। आग तेजी से फैलती देख परिजन जान बचाने के लिए आनन-फानन में घर से बाहर निकल आए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

Also Read: ‘तुम्हारे तंत्र-मंत्र से मरे मेरे पिता…’, रायबरेली में तांत्रिक शक में बुजुर्ग का कत्ल, कुल्हाड़ी के साथ आरोपी गिरफ्तार

बताया गया कि आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद सामान को बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिल सका। इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक सहित घरेलू सामान आग की लपटों में घिर गया। सूचना के बाद पहुंची दमकल टीम और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से घर में भारी नुकसान हुआ है। इलेक्ट्रिक स्कूटर में धमाका किस कारण हुआ, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद मोहल्ले में इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)