प्रियंका गांधी ने कहा- क्या BJP की सुविधा देखकर तय हुई मतदान की तारीख?

देश में आगामी विधानसभा चुनावों की तारीखों के एलान के बाद सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनाव कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा है कि मतदान की तारीखें और चरणों का ढांचा ऐसा लगता है जैसे सत्तारूढ़ भाजपा की सुविधा को ध्यान में रखकर तय किया गया हो। उनके इस बयान के बाद चुनाव कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।

चुनाव आयोग ने रविवार को असम, केरल, तमिलनाडु, पुदुचेरी और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान किया था। इसके तहत असम, केरल और पुदुचेरी में नौ अप्रैल को मतदान होगा, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे। वहां 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा। सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनाव की तारीखों और चरणों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह चुनाव की तारीखें तय की गई हैं और जिस तरीके से चरण बनाए गए हैं, उससे ऐसा लगता है कि यह सब भाजपा की सुविधा को ध्यान में रखकर तय किया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेगी।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी चुनाव कार्यक्रम पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि केरल में चुनाव की तारीख उम्मीद से काफी पहले घोषित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी को उम्मीद थी कि अप्रैल के आखिरी दस दिनों में मतदान होगा, लेकिन 9 अप्रैल की तारीख ने सभी को चौंका दिया है। उनके अनुसार अब चुनाव के लिए बहुत कम समय बचा है और यह कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती है।

INPUT-ANANYA MISHRA

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)