रायबरेली: यूपी के रायबरेली से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर हर वो मजनू कांप उठेगा जो राह चलती लड़कियों पर फब्तियां कसता है। यहाँ एक मनचले को लड़की से छेड़खानी करना और अश्लील हरकतें करना इस कदर भारी पड़ गया कि उसे जीवन भर का सबक मिल गया। लड़की ने बिना डरे, बीच सड़क पर ही अपनी चप्पल निकाली और ‘शोहदे’ की ऐसी खातिरदारी की कि देखने वालों के होश उड़ गए।
मामला रायबरेली के खीरो थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि मजार के पास एक युवक काफी देर से आवारागर्दी कर रहा था। जैसे ही वहाँ से एक युवती गुजरी, इस शोहदे के सिर पर आशिकी का भूत सवार हो गया। युवक ने युवती को देखकर न सिर्फ फब्तियां कसीं, बल्कि अश्लील हरकतें भी करने लगा। युवक को लगा था कि रोज़ की तरह लड़की डरकर चुपचाप निकल जाएगी, लेकिन इस बार पासा पूरी तरह पलट गया।
युवती ने जरा भी देर नहीं की। उसने आव देखा न ताव, तुरंत अपने पैर से चप्पल निकाली और मनचले पर टूट पड़ी।
बीच सड़क पर लड़की ने शोहदे को कॉलर से पकड़ा और चप्पलों की बरसात कर दी।
सड़क पर आते-जाते लोग रुक गए। जो मनचला कुछ देर पहले सीना चौड़ा करके घूम रहा था, वो चप्पलें खाते ही गिड़गिड़ाने लगा। इस पूरी ‘कुटाई’ का किसी ने चुपके से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है।इलाके में चर्चा गर्म है कि दीदी ने बिना पुलिस के ही मौके पर ऐसा ‘ऑन द स्पॉट’ इंसाफ किया कि अब कोई भी उस रास्ते पर लड़की को देखकर आंख उठाने की हिम्मत नहीं करेगा।

















































