Raebareli: सोशल मीडिया पर रील और फोटो के जरिए चर्चा में रहने की सनक ने मानवीय संवेदनाओं को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। रायबरेली में रेलवे ट्रैक के किनारे बैठी एक महिला को बचाने के बजाय लोग उसकी तस्वीरें खींचते रहे और उसे इंटरनेट पर वायरल कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
घटना रविवार शाम करीब 4:30 बजे की है। नीलांचल एक्सप्रेस बछरावां से रायबरेली की ओर आ रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर बैठी एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला पटरी के किनारे ऐसे बैठी थी मानो अपनी मौत का इंतजार कर रही हो। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उसे खतरे से हटाने या बचाने के बजाय चुपचाप उसकी फोटो खींची और सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। फोटो खींचने के थोड़ी ही देर बाद वहां से गुजर रही नीलांचल एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला का शरीर क्षत-विक्षत हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के पास पड़े मोबाइल फोन के जरिए उसकी पहचान की। मृतका की पहचान उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र स्थित लोहरामऊ निवासी मीनाक्षी यादव (35) पत्नी वीरेंद्र यादव के रूप में हुई है। जीआरपी ने मोबाइल के जरिए परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
ALSO READ: बहराइच में पिंजड़े में कैद हुआ तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
संवेदनहीनता पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद से क्षेत्र में इस बात की कड़ी चर्चा है कि अगर फोटो खींचने वाले व्यक्ति ने जरा सी तत्परता दिखाई होती और महिला को पटरी से हटा दिया होता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।जीआरपी थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। महिला वहां क्यों और कैसे पहुंची, तथा उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, पुलिस इन सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है। वहीं, फोटो वायरल करने वाले के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


















































