रायबरेली: कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन में आयोजित ‘दिशा’ की बैठक में नेता प्रतिपक्ष व स्थानीय सांसद राहुल गांधी के तेवरों से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। ढाई घंटे तक चली इस समीक्षा बैठक में राहुल गांधी ने केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अफसरों की जमकर क्लास ली और प्रदेश सरकार के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए केंद्र पर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा के दौरान जब डीएम जिले की उपलब्धियां गिना रही थीं, तभी राहुल गांधी ने कुचरिया-विश्वनाथगंज, भवानीगढ़-बहुधा, डलमऊ-जगतपुर, दरीबा-कठघर और सुल्तानपुर खेड़ा-सहजौरा सड़कों की एनलार्ज तस्वीरें सदन में दिखा दीं। बदहाल सड़कों की फोटो देखते ही अफसरों के चेहरे का रंग उड़ गया। ग्रामीण अभियंता सेवा के अधिकारी ने बताया कि सड़कें 2 साल पहले बनी थीं और 5 साल की गारंटी में हैं। इस पर राहुल गांधी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए डीएम को इन सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
Also Read: UP में मौसम का बदला मिजाज, बढ़ने लगी मौसमी बीमारियां, बच्चे-बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित
गूगल मैप से खोली भाजपा विधायक की पोल
सलोन की एक खराब सड़क को लेकर नामित सदस्य किरन देवी और भाजपा विधायक अशोक कोरी के बीच मोबाइल फोटो को लेकर बहस छिड़ गई। विधायक सड़क को बेहतर बता रहे थे, जिस पर राहुल गांधी ने तुरंत गूगल मैप से सड़क की वास्तविक लोकेशन डाउनलोड कराकर सदन को दिखाई। उन्होंने विधायक का दावा गलत ठहराते हुए डीएम को तत्काल सड़क निर्माण का आदेश दिया।
मंत्रियों से नोकझोंक और योजनाओं पर सवाल
‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना को केवल प्रचार तक सीमित बताते हुए राहुल गांधी ने इसके बजट पर सवाल उठाए। इस दौरान अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा और राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसे राहुल गांधी ने बीच-बचाव कर शांत कराया।बैठक में राहुल ने केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के सभी प्रस्ताव खारिज होने का मुद्दा उठाया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले की सभी सड़कों का विभागीय मैप बनाकर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा, बाढ़ प्रभावित किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने और ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार के मामलों में प्रधानों के साथ दोषी सचिवों पर भी कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे डीएम-एसपी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं



















































