UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सहारनपुर (Saharanpur) जिले में पुलिस ने एक गंभीर दुष्कर्म मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि वर्ष 2025 में मुख्य आरोपी जिम ट्रेनर शहजाद ने पीड़िता को प्रोटीन ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं उसका साथी मुकर्रम इस पूरे घटनाक्रम में उसकी मदद करता रहा और पीड़िता की निगरानी करता था।
गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने सक्रियता दिखाई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बुग्गावाला रोड पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों, शहजाद और मुकर्रम, को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
पीड़िता का मेडिकल और बयान दर्ज
एसपी देहात सागर जैन के अनुसार, 25 मार्च को पीड़िता द्वारा थाना बिहारीगढ़ में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।









































