UP: इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम भैसान में न्यायालय के आदेश से भूमि का कब्जा दिलाए जाने के महज एक दिन बाद ही दोबारा अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आठ नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजस्व और पुलिस की मौजूदगी में मिला था कब्जा
शिकायतकर्ता ज्ञान सिंह पुत्र जयलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी गाटा संख्या 473/0.405 हेक्टेयर भूमि पर 8 जुलाई 2026 को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग और पुलिस की उपस्थिति में कब्जा दिलाया गया था। कब्जा दिलाने की प्रक्रिया के दौरान भूमि की मेड़ बनाई गई थी और सीमांकन के लिए खूंटियां भी गाड़ी गई थीं।
अगले ही दिन मेड़ और खूंटियां उखाड़ने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि कब्जा दिलाए जाने के अगले दिन सुबह आठ नामजद और पांच अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए न्यायालय के आदेश के तहत बनाई गई मेड़ को क्षतिग्रस्त कर दिया और सीमांकन के लिए लगाए गए खूंटों को उखाड़ फेंका। इसके बाद दोबारा जमीन पर कब्जा कर लिया।
विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
ज्ञान सिंह का कहना है कि जब उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
जसवंतनगर थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































