फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। इस बार मामला पल्ला से बजरिया जाने वाले मुख्य मार्ग का है, जहां पलरिया चौराहे से नवाब दिलावर जंग तक हाल ही में बनी सड़क को दोबारा उखाड़े जाने पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क पूरी तरह ठीक हालत में थी और केवल कुछ स्थानों पर नालियों की मरम्मत की आवश्यकता थी। इसके बावजूद नगर पालिका ने पूरे मार्ग के पुनर्निर्माण का टेंडर जारी कर दिया। जब ठेकेदार ने सड़क तोड़ने का काम शुरू किया तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर फर्रुखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा को बुला लिया।
मौके पर पहुंचे भईयन मिश्रा, पालिका पर साधा निशाना
घटनास्थल पर पहुंचे भईयन मिश्रा ने नगर पालिका की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की कई सड़कें और गलियां बदहाल स्थिति में हैं, जहां लोग कीचड़ और जलभराव की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन पालिका प्रशासन उन सड़कों को दोबारा बनवाने में जुटा है जो पहले से सही स्थिति में हैं।
उन्होंने कहा कि यह सरकारी धन के दुरुपयोग का स्पष्ट मामला है और इसमें अधिकारियों व ठेकेदारों की मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप
भईयन मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि शहर की गलियों में मजबूत सीमेंटेड सड़कें बनवाने के बजाय जानबूझकर इंटरलॉकिंग और कमजोर ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि कुछ समय बाद फिर मरम्मत के नाम पर बजट खर्च किया जा सके।
उन्होंने मांग की कि शहर में टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराया जाए तथा घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर तत्काल रोक लगाई जाए।
सीएम योगी और शासन से करेंगे शिकायत
भईयन मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो इसकी लिखित शिकायत सीधे सीएम योगी आदित्यनाथ और शासन स्तर पर की जाएगी।
साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर से मांग की कि नगर पालिका के सभी चल रहे निर्माण कार्यों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की जाए और यह पता लगाया जाए कि सही हालत में मौजूद सड़क को दोबारा बनाने की अनुमति किस आधार पर दी गई।
इस दौरान पूर्व सभासद निशित दुबे उर्फ नीशू, आलोक मिश्रा भूरे, अंगद पांडे, ओम निवास पाठक, सनी बाथम समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
अब देखना होगा कि नगर पालिका इस पूरे विवाद पर क्या सफाई देती है और प्रशासन क्या कदम उठाता है।



