सहारनपुर: अग्निवीर भर्ती रैली में ADG ने परखी व्यवस्थाएं, 815 अभ्यर्थी रनिंग में सफल

सहारनपुर: भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, सहारनपुर में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान मेजर जनरल मनीष कुमार, YSM, SM, एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG), रिक्रूटिंग जोन लखनऊ (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) ने लगातार दूसरे दिन भर्ती स्थल का दौरा किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के संचालन और अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मेजर जनरल मनीष कुमार ने अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग, दस्तावेजों की जांच, शारीरिक दक्षता परीक्षा, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में लगे सैन्य एवं नागरिक अधिकारियों से बातचीत कर विभिन्न चरणों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Also Read: UP: आगामी अग्निवीर भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, अम्बेडकर स्टेडियम का निरीक्षण

मंगलवार को अग्निवीर भर्ती रैली में बुलंदशहर जनपद की बुलंदशहर और खुर्जा तहसील के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया। इन तहसीलों से कुल 1,182 अभ्यर्थियों को रनिंग के लिए बुलाया गया था। इनमें से 1,065 अभ्यर्थी भर्ती स्थल पर पहुंचे और रनिंग परीक्षा में शामिल हुए।रनिंग परीक्षा में 815 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की, जबकि अन्य अभ्यर्थी निर्धारित मानकों पर सफल नहीं हो सके। भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग से लेकर शारीरिक दक्षता परीक्षा तक विभिन्न चरणों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा कराया गया।

दौरे के दौरान अधिकारियों ने मेजर जनरल मनीष कुमार को भर्ती रैली की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में शामिल सभी सैन्य एवं नागरिक एजेंसियों के समन्वित प्रयासों की सराहना की।मेजर जनरल ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी, आधुनिक और प्रभावी तरीके से संचालित किया जाना चाहिए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर मिल सके। सहारनपुर में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर प्रशासन और सेना की ओर से व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)