सहारनपुर: माहेश्वरी खुर्द में ट्रक में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला

सहारनपुर: थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम माहेश्वरी खुर्द में सोमवार सुबह एक ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और ट्रक को सुरक्षित बचा लिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम माहेश्वरी खुर्द में एक वाहन में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन बेहट रोड से वाटर बाउजर और फायर यूनिट को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही आग की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन मिर्जापुर से भी वाटर टेंडर मौके पर भेजा गया।

ALSO READ: UP: गाजियाबाद के खोड़ा का खूनी खेल, पत्नी और बेटियों पर किया हमला, पूरी कहानी

दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि ट्रक संख्या HR 47 H 5774 में लदे बटर पेपर में आग धधक रही थी। आग तेजी से फैल रही थी और ट्रक पूरी तरह चपेट में आने का खतरा था। फायर टीम ने बिना समय गंवाए होज पाइप बिछाकर पंपिंग शुरू की और फायर हुक की मदद से जल रहे बटर पेपर को लगातार कुरेदते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया।अग्निशमन विभाग की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और ट्रक को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी दमकल कर्मियों की तत्परता की सराहना की।

सीएफओ सहारनपुर ने बताया कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग बुझाने के बाद क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया गया और स्थिति सामान्य हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग ट्रक में लदे बटर पेपर में लगी थी, जिसके कारणों की जांच की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)