सहारनपुर: भीषण उमस और गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया. दिनभर तेज धूप और नमी के कारण लोग पसीने से तरबतर रहे. मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जिसके चलते सुबह, शाम और देर रात तक भी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी. उमस इतनी अधिक रही कि पंखे और कूलर भी बेअसर नजर आए.
गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं. शहर के कई इलाकों में रात के समय करीब 4 से 5 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. लंबे बिजली कटौती के कारण लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ा. बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा.
Also Read: 16 घंटे से अंधेरे में 260 गांव! UP के इस जिले में बारिश के बाद बिजली व्यवस्था ध्वस्त
लोगों का कहना है कि उमस भरी गर्मी में लगातार बिजली गुल रहने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है. वहीं देवबंद के मोहल्ला लहसवाड़ा स्थित मदीना कॉलोनी में 48 घंटे के भीतर दूसरी बार ट्रांसफार्मर फुंक जाने से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. ट्रांसफार्मर खराब होने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली. लोगों ने समय पर रखरखाव और क्षमता बढ़ाने की मांग की.
हालांकि बिजली विभाग के एसडीओ संतोष कुमार ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल हटाकर उसकी जगह नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है.मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल वातावरण में नमी अधिक बनी रहने के कारण अगले कुछ दिनों तक उमस से राहत मिलने की संभावना कम है. यदि पर्याप्त बारिश नहीं हुई तो लोगों को गर्मी और बिजली संकट की दोहरी मार का सामना करना पड़ सकता है.
















































