बलिया में सरकारी स्कूल में जलते मिले सर्व शिक्षा अभियान के बैग, वीडियो वायरल, बीएसए ने संभाली जांच की कमान, टीम गठित…

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया में एक सरकारी विद्यालय से हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो शिक्षा क्षेत्र सीयर अंतर्गत बिल्थरा रोड नगर में स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रांगण का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूली बैग जलने का मामला आया जिसके बाद बलिया के बीएसए मनीष कुमार सिंह ने जांच टीम गठित कर दी है। टीम में स्वयं बीएसए भी शामिल है, लेकिन खण्ड शिक्षा अधिकारी सीयर को टीम से अलग रखा गया है।

गौरतलब है कि कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय बिल्थरारोड नगर के प्रांगण में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हैं। वहां, बड़ी मात्रा में स्कूली बैग जलने की घटना ने शिक्षा के अधिकार और सर्व शिक्षा अभियान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सवाल खड़ा कर दिया है। जले बैगों पर ‘शिक्षा का अधिकार, सर्व शिक्षा अभियान’ लिखा हुआ था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

हालांकि स्कूल, बीईओ कार्यालय और कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय प्रांगण में सरकारी स्कूली बैग जलने की घटना को बीएसए मनीष कुमार सिंह ने काफी गंभीरता से लिया है। बीएसए ने बताया कि जांच टीम गठित की गई है। टीम में एक बीईओ, डीसी के अलावा वे स्वयं शामिल है। टीम तत्काल जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ वैसी कार्रवाई होगी, जो विभाग के लिए नजीर बनेगी।