कस्तूरबा विद्यालय लार का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण, टास्क फोर्स बैठक में दिए कड़े निर्देश

सलेमपुर, देवरिया। शनिवार को उपजिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, लार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं, किचन रूम तथा परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान खेल मैदान में जलभराव के कारण दलदल की स्थिति मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद अधिशासी अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी लार को तत्काल इंटरलॉकिंग कराकर समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन भी किया और उसकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर संबंधित स्टाफ को निर्देश दिया कि साफ-सफाई और पोषण मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके उपरांत तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सलेमपुर व लार, खंड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा करते हुए एसडीएम ने प्राथमिक विद्यालयों में शौचालय, बाउंड्रीवाल, विद्युत व्यवस्था एवं साफ-सफाई को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भूमि विवाद के कारण बाउंड्रीवाल निर्माण बाधित है, वहां तत्काल सीमांकन कराकर कार्य प्रारंभ कराया जाए।

Also Read : सलेमपुर की दो बेटियां हल्द्वानी में ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम

अधिशासी अधिकारी को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध दवाइयों की सूची प्रस्तुत करने तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही फर्जी डिग्री के आधार पर संचालित पैथोलॉजी व अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पूर्ति निरीक्षक को ग्राम सभाओं में बैठक कर पात्र व्यक्तियों के नाम राशन कार्ड में जोड़ने एवं नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। बाल विकास परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया गया कि बाहर संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक विद्यालय या पंचायत भवन में स्थानांतरित कर वहां मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाएं।
बैठक के अंत में मकान गणना कार्य सबसे पहले पूर्ण करने वाले प्रगणक को एसडीएम द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)