सहारनपुर में दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद काफी उत्साह है और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पहले से ज्यादा मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
श्यामलाल पाल ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और किसानों के मुद्दों पर काम करना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याओं को लेकर निराश है।कांग्रेस और गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के समय गठबंधन को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत चल रही है और यूपी में गठबंधन का फॉर्मूला जल्द तय हो जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी दल अपने-अपने संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं और चुनाव की घोषणा के बाद नेता एक मंच पर नजर आएंगे।
जातीय जनगणना पर पाल ने रखी बात
आजम खान से जुड़े ठिकानों पर हुई कार्रवाई के सवाल पर श्यामलाल पाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सभी वर्गों के सम्मान की बात करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि संविधान समाजवादी पार्टी के लिए आत्मा और ताकत है तथा पार्टी सामाजिक न्याय के मुद्दे पर आगे बढ़ रही है।जातीय जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सभी जातियों की संख्या सामने आनी चाहिए, ताकि हर वर्ग के विकास की सही योजना बनाई जा सके।
ALSO READ: UP: इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद सपा में शामिल, अखिलेश यादव के सामने ली सदस्यता
बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। श्यामलाल पाल ने कहा कि नौजवान मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनके सपने टूट जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार से रोजगार और किए गए वादों का हिसाब मांग रही है।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं और युवाओं के हित में योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने पूर्व समाजवादी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने बेटियों की शिक्षा और महिलाओं के लिए काम किया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































