बाराबंकी : रामनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत बडनपुर के डीपो मोहल्ला में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सिमली चौका नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर रामनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान प्रवेश कुमार पुत्र केशव राम (उम्र लगभग 53 वर्ष), निवासी बडनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रवेश कुमार शुक्रवार शाम घाघरा नदी में नहाने गए थे। नहाने से पहले उन्होंने अपने कपड़े और मोबाइल फोन नदी किनारे रख दिए थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना ग्राम प्रधान को दी गई।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने बड़ी सिमली चौका नदी में एक शव तैरता हुआ देखा। पास जाकर पहचान करने पर शव प्रवेश कुमार का निकला। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Also Read : UP दर्दनाक सड़क हादसा, बेकाबू डंपर ने सो रहे परिवार को रौंदा, पिता समेत 4 की मौत
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना हल्का लेखपाल नूर मोहम्मद को भी दी गई। मृतक के पुत्र शिवम वर्मा ने बताया कि उनके पिता शुक्रवार शाम से लापता थे। शनिवार को उनका शव नदी में तैरता मिला। उन्होंने बताया कि नदी किनारे उनके कपड़े और मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय वह नदी में डूब गए।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रवेश कुमार मेहनत-मजदूरी और ठेला चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।















































