फर्रुखाबाद : रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के अर्रापहाड़पुर गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग रामसनेही की उनके ही सगे बेटों ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि बेटों ने पहले पिता के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उनकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
तीसरी शादी बना खूनी विवाद की जड़
परिजनों के मुताबिक, मृतक की पत्नी का करीब 10 साल पहले निधन हो चुका था और वह अपने दो बेटों ओमकार और अनिल के साथ रह रहे थे। विवाद की मुख्य वजह छोटे बेटे अनिल की तीसरी शादी थी। अनिल एक ऐसी महिला को घर लाना चाहता था जिसके पहले से बच्चे हैं, लेकिन बुजुर्ग पिता इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। इसी बात को लेकर घर में आए दिन झगड़े होते थे।
जमीन को लेकर भी बढ़ी रंजिश
गांव में चर्चा है कि मामला सिर्फ शादी तक सीमित नहीं था। करीब तीन साल पहले रामसनेही ने अपनी कुछ जमीन अपने चचेरे भाई के बेटों के नाम कर दी थी। इस बात से नाराज दोनों बेटे अपने पिता से खफा चल रहे थे। यही रंजिश धीरे-धीरे खौफनाक अंजाम तक पहुंच गई।
बंद कमरे में हुई वारदात, खौफनाक मंजर
सोमवार रात घर के अंदर से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका पर लोग छत के रास्ते अंदर घुसे तो नजारा देखकर सन्न रह गए। बुजुर्ग रामसनेही खून से लथपथ मृत पड़े थे, जिससे साफ है कि हत्या से पहले उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी।
Also Read: साजिश, पैसा और झूठ का जाल: राजा रघुवंशी हत्याकांड में भाई विपिन के सनसनीखेज आरोप
फॉरेंसिक जांच शुरू, एक आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे ओमकार को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में सनसनी, रिश्तों पर उठे सवाल
इस वारदात ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। लोग स्तब्ध हैं कि मामूली विवाद और संपत्ति के लालच में बेटों ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि पारिवारिक मूल्यों पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।














