रायबरेली : उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बेखौफ अपराधियों ने खाकी को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। मिल एरिया थाना क्षेत्र के तुलसी नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर गोलियों की बौछार कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और हमलावर बड़े आराम से असलहा लहराते हुए फरार हो गए।
बाइक रोककर बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, प्रगति पुरम निवासी अनिकेत झा (24 वर्ष) अपनी बाइक से घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह तुलसी नगर मोहल्ले के पास पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि अनिकेत कुछ समझ पाता, हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही अनिकेत लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से नौ-दो ग्यारह हो गए।
चीख-पुकार से दहला इलाका
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। स्थानीय लोगों की बहादुरी और सक्रियता से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम अनिकेत को बचाने की जद्दोजहद में जुटी है।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही मिल एरिया पुलिस और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हमलावरों की संख्या 4 से 5 के बीच थी और वे पूरी तैयारी के साथ आए थे।
फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाल रही है। पुरानी रंजिश या आपसी विवाद, किन कारणों से अनिकेत को निशाना बनाया गया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस के आला अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।












































