पुलवामा आतंकी हमले को सात साल पूरे हो गए हैं। 14 फरवरी 2019 को हुए इस दर्दनाक हमले में 40 बहादुर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी। पूरा देश आज उन वीरों को याद कर रहा है और उनकी शौर्य गाथा को श्रद्धांजलि दे रहा है।
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
पीएम मोदी ने साल 2019 के पुलवामा हमले में शहीद हुए CRPF जवानों को श्रद्धांजलि दी। पीएम ने सोशल मीडिया X पर लिखा कि पुलवामा में जान गंवाने वाले बहादुर नायकों को याद कर रहा हूं। उनका समर्पण, संकल्प और राष्ट्र की सेवा हमारी सामूहिक चेतना में हमेशा अंकित रहेगी। उनकी बहादुरी से हर भारतीय को ताकत मिलती है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी बहादुर जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि दी। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में 14 फरवरी 2019 को सबसे घातक आतंकी हमला हुआ था। इसमें 40 CRPF जवान शहीद हो गए थे।
शिवराज सिंह चौहान ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहीद जवानों को याद करते हुए कहा कि उनका अमर बलिदान आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर लड़ने की प्रेरणा देता है। केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने भी वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनका साहस भारतीय शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है।
Also read:भारत में 3.25 लाख करोड़ का डिफेंस डील!114 राफेल की हुई एंट्री!
योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद जवानों को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रेरणा देता है। विपक्षी नेताओं ने भी वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनके अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सराहना की।
शरद पवार ने दी श्रद्धांजलि
एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने हमेशा देश की सुरक्षा और संप्रभुता बनाए रखने में अपने साहस और बलिदान से योगदान दिया। उन्होंने पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनकी राष्ट्रभक्ति हमेशा याद रखी जाएगी।
INPUT-ANANYA MISHRA











































