रामनगर, बाराबंकी : श्री लोधेश्वर महादेवा धाम को जनगणना 2027 के प्रथम चरण में “CN-0001” भवन कोड आवंटित किया गया। तहसीलदार विपुल सिंह ने कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का सही अभिलेखीकरण शासन की प्राथमिकता है।
बाराबंकी जनपद बाराबंकी की तहसील रामनगर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में शुक्रवार को जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत भवन सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य संपन्न किया गया। इस दौरान तहसीलदार रामनगर विपुल सिंह राजस्व टीम के साथ मंदिर परिसर पहुंचे और सूचीकरण प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
तहसीलदार विपुल सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर, महादेवा, रामनगर को जनगणना 2027 के प्रथम चरण में भवन कोड “CN-0001” आवंटित किया गया है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व रखने वाले इस मंदिर को सूचीकरण प्रक्रिया में प्रथम पहचान संख्या प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कराया जा रहा है। धार्मिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक स्थलों का सही अभिलेखीकरण भविष्य की विकास योजनाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
तहसीलदार ने संबंधित राजस्व कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना एवं सूचीकरण कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाए, ताकि शासन को सटीक आंकड़े उपलब्ध कराए जा सकें।
इस अवसर पर राजस्व लेखपाल संतोष कुमार वर्मा सहित अन्य कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में प्रशासनिक टीम की मौजूदगी के दौरान श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला। जनगणना टीम द्वारा भवन से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज कर औपचारिक प्रक्रिया पूर्ण की गई।









































