सीतापुर में आंगनबाड़ी केंद्र पर परिवार का कब्जा, बच्चों का भविष्य संकट में; ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग

सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद के विकास खंड कसमंडा की ग्राम पंचायत कैमा में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस भवन का निर्माण आंगनबाड़ी केंद्र के लिए किया गया था, वह निर्माण के बाद से आज तक संचालित ही नहीं हो सका है और वर्तमान में वह एक परिवार का आवास बनकर उपयोग में लाया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थिति के कारण गांव के बच्चों की शिक्षा और पोषण संबंधी सेवाएं बाधित हो रही हैं। गांव में 100 से अधिक बच्चे हैं, जिनके भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार जहां एक ओर बच्चों के समग्र विकास और शिक्षा को लेकर विभिन्न योजनाएं चला रही है, वहीं दूसरी ओर आंगनबाड़ी केंद्र के बंद पड़े रहने से इन योजनाओं का लाभ बच्चों तक नहीं पहुंच पा रहा है।

इस संबंध में ग्रामीणों और संबंधित संगठन द्वारा प्रशासन से मांग की गई है कि आंगनबाड़ी केंद्र की स्थलीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विकास अधिकारी (DDO) संतोष नारायण गुप्ता ने जानकारी दी है कि जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं और जो भी इस अनियमितता में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।