सीतापुर: जन्माष्टमी पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, 1800 पुलिसकर्मी और 700 महिला पुलिसकर्मी तैनात

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी को लेकर सीतापुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस बार जन्माष्टमी का पर्व 4 सितंबर को मनाया जाएगा। जिलेभर के मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष सजावट के साथ धार्मिक आयोजनों की तैयारियां चल रही हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत खाका तैयार किया है।

जिले के 28 थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दो अपर पुलिस अधीक्षकों और सात क्षेत्राधिकारियों के साथ 1800 से अधिक पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है। इनमें 700 से अधिक महिला पुलिसकर्मी शामिल रहेंगी। प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। महिलाओं की अधिक भीड़ वाले स्थानों पर महिला पु लिसकर्मियों की विशेष तैनाती रहेगी।

Also Read: मथुरा: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले जन्मभूमि की सुरक्षा पर कसा शिकंजा, अधिकारियों ने परखी व्यवस्था

जन्माष्टमी के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रखा गया है। जिला अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार मिल सके।एएसपी आलोक सिंह ने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी थाना क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिलेभर में 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। ईगल कंट्रोल रूम में लगे कैमरों के अलावा निजी प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जाएगी। पुलिस इन कैमरों के जरिए भीड़, संदिग्ध गतिविधियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखेगी।वहीं, अग्निशमन विभाग को भी पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। सीतापुर शहर के अग्निशमन केंद्र पर दो फायर टेंडर तैनात रहेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में तहसील स्तर पर भी फायर टेंडर उपलब्ध रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति में दमकल की टीम को तत्काल मौके पर भेजा जाएगा।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.