धुआं, धमाके और दहशत… इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी में आग से मचा हड़कंप

इटावा: फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब महेरा फाटक के पास स्थित एक बंद पड़े गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। विष्णु हरीपुरम क्षेत्र में स्थित इस गोदाम में पहले मोमबत्ती का धागा बनाने का काम होता था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

अचानक उठता धुआं, फिर भड़कीं लपटें

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में गोदाम के अंदर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में टीन शेड के भीतर से तेज लपटें निकलने लगीं। आग तेजी से फैलती चली गई और अंदर से धमाकों की आवाजें भी सुनाई देने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। लोगों का अनुमान है कि गोदाम में प्लास्टिक कपड़ा और अन्य ज्वलनशील सामान रखा था, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।

Also Read: राजस्थान के भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में भीषण धमाका, अवैध पटाखा निर्माण से 8 मजदूर जिंदा जले, बॉडी पार्ट्स पॉलीथीन में इकट्ठे किए गए 

स्कूल के पास लगी आग, तुरंत कराया गया खाली

गोदाम के ठीक बगल में संचालित सिटी मोंटेसरी स्कूल तक जब धुआं पहुंचा तो स्कूल प्रशासन ने तुरंत सतर्कता दिखाई। प्रधानाचार्य ज्योति त्रिपाठी ने बताया कि उस समय बच्चे कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। धुएं की तीव्रता बढ़ने पर स्थिति का आकलन कर बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल को तत्काल खाली कराया गया। अभिभावकों को सूचना देकर सभी बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया। समय रहते उठाए गए इस कदम से बड़ा हादसा टल गया।

फायर ब्रिगेड की मशक्कत से काबू

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फायर विभाग से पहुंचे ओंकार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका है, हालांकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। गोदाम का मालिक मौके पर मौजूद नहीं मिला, जिससे जांच में कुछ देरी हुई।

Also read:सोनभद्र: तिलक समारोह में हाईटेंशन ड्रामा! नशे में धुत दामाद हाई वोल्टेज पोल पर चढ़ा

जनहानि नहीं, सुरक्षा पर उठे सवाल

राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि बंद पड़े गोदामों में बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। पुलिस और फायर विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)