संतकबीरनगर के पत्रकार शोभित के परिवार के आंसू पोंछने पहुंचे एसपी, 5.51 लाख की मदद

• दिवंगत पत्रकार के घर पहुंचे एसपी संदीप कुमार मीना, श्रद्धांजलि देकर परिजनों को बंधाया ढांढस; बेटी की मांग पर डीएम से बात करने का दिया आश्वासन

संतकबीरनगर। वरिष्ठ पत्रकार शोभित पांडेय के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस मुश्किल घड़ी में पुलिस विभाग ने परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना विश्वनाथपुर स्थित दिवंगत पत्रकार के पैतृक आवास पहुंचे। उन्होंने शोभित पांडेय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल पिता लालजी पांडेय व उनकी पत्नी को ढांढस बंधाया। इस दौरान एसपी भी भावुक नजर आए। एसपी ने पुलिस विभाग की ओर से परिवार को 5.51 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी। उन्होंने कहा कि शोभित पांडेय निर्भीक और समर्पित पत्रकार थे। वह हमेशा शोषितों, पीड़ितों और वंचितों की आवाज बनकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते थे। पुलिस विभाग के अच्छे कार्यों की सराहना करने के साथ ही कमियों को भी बेबाकी से उजागर करते थे। उनकी निष्पक्ष पत्रकारिता विभाग को अपनी कमियों में सुधार करने का अवसर देती थी।

यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव में किया प्रतिभाग, पत्रकारों को दी शुभकामनाएं

मां को नौकरी दिलाने की बेटी ने रखी मांग

मुलाकात के दौरान दिवंगत पत्रकार की बेटी ने परिवार की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए अपनी मां को किसी विभाग में नौकरी दिलाने की मांग की। इस पर एसपी ने जिलाधिकारी से वार्ता कर सकारात्मक पहल कराने का भरोसा दिया। उन्होंने बेटी को पिता के सपनों को पूरा करने में हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन देने का भी आश्वासन दिया। एसपी ने जिले के पत्रकारों और समाज के प्रबुद्ध लोगों से भी परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

यह भी पढ़ें: ग्रामीण पत्रकारिता को मिलेगी नई पहचान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के दो विश्वविद्यालयों के बीच हुआ एमओयू

उद्योगपति केडी यादव ने भी आर्थिक मदद का दिया भरोसा 

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता केडी यादव ने भी शोभित पांडेय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देने के साथ आर्थिक सहायता प्रदान की और हर सुख-दुख में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इस दौरान सीओ धनघटा अभय नाथ मिश्रा, महुली इंस्पेक्टर हरेंद्र पाठक, खलीलाबाद इंस्पेक्टर जय प्रकाश दुबे, वरिष्ठ पत्रकार विजय मिश्रा, ईश्वर चंद्र पांडेय, दुर्गेश पांडेय, कृष्णकांत पांडेय, अशोक पांडेय, अरुण शाही, राजेश कुमार, उज्ज्वल तिवारी, धनुषधर पांडेय, आनंद पांडेय, अकरम खान, नियाज अहमद, विनोद दुबे, खगेन्द्र मिश्रा, लालचंद दुसाध सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।