अयोध्या के चर्चित गैंगरेप केस में सपा नेता मोईद खान जेल से रिहा हो गए। वह शुक्रवार को 19 महीने बाद जेल से बाहर आए। उन्होंने मीडिया से कहा, मुझे न्यायपालिका पर भरोसा था। हमें न्याय मिला है। मोईद खान ने कहा,CM योगी संत आदमी हैं। वह इस तरीके का काम नहीं कर सकते। मुख्यमंत्री को झूठी खबर देकर भ्रमित किया गया। कुछ लोगों ने गलत सूचना देकर गुमराह किया था। इसलिए हम पर कार्रवाई हो गई।
शुक्रवार को जेल से रिहा होने के बाद अपने घर अयोध्या जिले के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के भदरसा कस्बा पहुंचे। घर पहुंचे मोईद खान ने कहा कि सीएम योगी का आशीर्वाद रहा तो बेकरी फिर से बनेगी। यह हमारे बच्चों के रोजगार का साधन है। उन्होंने कहा कि हमारी ही बिरादरी के लोगों ने बदले की भावना से ऐसा काम किया। घर पहुंचे सपा नेता मोईद खान भावुक नजर आए। लंबे समय बाद अपनी पत्नी और बच्चों को देखते ही गले से लगा लिया।
29 जुलाई 2024 को अयोध्या के पूरा कलंदर में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था और इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसमें सपा नेता मोईद खान और उसकी बेकरी में काम करने वाले नौकर राजू को आरोपी बनाया गया था और जेल भेज दिया गया था। गैंगरेप में आरोपी बनाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मोईद खान की बेकरी और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चलाकर गिरा दिया था।
मोईद और नौकर राजू का डीएनए टेस्ट भी हुआ था, जिसमें मोईद का नेगेटिव और राजू का पॉजिटिव आया था। इसके बाद कोर्ट ने 29 जनवरी 2026 को डीएनए रिपोर्ट समेत अन्य सबूतों के आधार पर मोईद खान को दोषमुक्त करार दिया था और राजू खान को 20 साल की सजा सुनाई थी। आज (27 फरवरी 2026) मोईद खान जेल से रिहा होकर अपने घर पहुंचे और लंबे समय बाद परिवार से मिले।
INPUT-ANANYA MISHRA
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं











































