मथुरा: वृंदावन के यमुना नदी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक स्टीमर अचानक पलट गई। जानकारी के अनुसार, स्टीमर में करीब 24 से 25 लोग सवार थे, जो श्रृंगार घाट से नाव में बैठे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शी भूप सिंह, जो पुल पर संविदा कर्मचारी हैं, ने बताया कि स्टीमर में सवार श्रद्धालु अचानक असंतुलन के कारण नदी में गिर गए। अब तक लगभग 10 से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि करीब 10 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वृंदावन और मांट पुलिस मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। पुलिस गोताखोरों की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। हादसे में लुधियाना निवासी चेतन मित्तल भी सवार बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है और लापता लोगों की तलाश जारी है।स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और सहयोग बनाए रखें।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































