सुल्तानपुर :संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, कमरे में लटका मिला शव, मचा हड़कंप

UP: सुल्तानपुर (Sultanpur) जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित पंजाबी कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई जब एक विवाहिता का शव कमरे के भीतर फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान सितारा बानो, पत्नी तौफीक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पति के साथ मकान मालिक शेखू के घर किराए पर रह रही थी। दोपहर बाद घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पिता ने दामाद पर लगाया हत्या का आरोप

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतका के पिता इदरीस ने दामाद तौफीक और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब ढाई महीने पहले तौफीक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस संबंध में अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। बाद में पुलिस की मध्यस्थता के बाद बेटी को तौफीक के साथ भेज दिया गया था।

Also Read: गाजियाबाद: ट्यूशन टीचर ने 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ किया डिजिटल रेप, शिक्षक गिरफ्तार

पति पहले से शादीशुदा, परिजनों ने जताई आशंका

परिजनों के मुताबिक तौफीक पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है। मृतका अपने दो भाइयों में इकलौती बहन थी। पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की ओर से पहले भी धमकियां दी गई थीं। ऐसे में परिवार ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फॉरेंसिक जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मामले पर सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)