लोकसभा में 8 विपक्षी सांसदों का निलंबन हटा

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने मंगलवार को सदन में बड़ा फैसला सुनाया. बजट सत्र के दौरान निलंबित किए गए 8 विपक्षी सांसदों का निलंबन तुरंत प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है. ये सांसद फरवरी में सदन में हंगामा और अनुशासनहीन व्यवहार के आरोप में पूरे सत्र के लिए सस्पेंड किए गए थे. सांसदों का निलंबन रद्द किए जाने पर कांग्रेस सांसद के सुरेश ने कहा, ‘स्पीकर ने कुछ निर्देश दिए हैं और संसदीय कार्य मंत्री ने भी सदन की मर्यादा और अनुशासन का जिक्र किया. अब यह निर्णय लिया गया है कि निलंबित सदस्यों का निलंबन आज ही वापस लिया है.’

लोकसभा में मंगलवार को पहले फेज के दौरान निलंबित किए गए 8 सांसदों पर लगा सस्पेंशन हटा दिया गया। इनमें कांग्रेस के 7 और लेफ्ट के एक सांसद हैं। ये आठ सांसद 4 फरवरी को लोकसभा से पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किए गए थे। उन पर हंगामा करने के दौरान स्पीकर पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी की कुर्सी की ओर कागज फेंकने का आरोप लगा था। यह हंगामा उस समय हुआ था जब राहुल गांधी सदन में पूर्वी लद्दाख में 2020 के भारत-चीन सीमा तनाव का जिक्र कर रहे थे। कांग्रेस सांसद के. सुरेश समेत 3 सांसदों ने सस्पेंशन प्रस्ताव रखा। इसके बाद ध्वनि मत से इसे पास कर दिया गया। इससे पहले सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने इसका समर्थन किया। धर्मेंद यादव ने कहा कि सदन की मर्यादा में सत्ता पक्ष को भी मान रखना होगा। उन्होंने कहा कि खासकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे इसका ख्याल रखें। इसके बाद सदन में सत्ता पक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान स्पीकर ओम बिरला ने सदस्यों से कहा,’प्लेकार्ट और एआई से बनाई गई तस्वीरें प्रदर्शित न करें।’

लोकसभा स्पीकर ने शर्तों के साथ निलंबन किया रद्द

स्पीकर ने कहा कि सोमवार को सभी दलों की बैठक में ये सहमति बनी थी कि सदन की गौरवशाली परंपरा बनाए रखने के लिए सभी सांसद मिलकर सहयोग करेंगे. उन्होंने खासतौर पर आग्रह किया कि संसद परिसर में AI जेनरेटेड फोटो, अपमानजनक प्लेकार्ड, फेक इमेज या नारे नहीं लगाए जाएं. स्पीकर ने कल ही एक बुलेटिन जारी किया था, जिसमें ये निर्देश दिए गए थे।

कैसे हुआ पूरा मामला?

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सदन में प्रस्ताव रखा कि इन सांसदों का निलंबन वापस लिया जाए. प्रस्ताव पर चर्चा हुई, जिसमें विपक्ष की तरफ से सुप्रिया सुले ने कहा कि कल की मीटिंग में 1 घंटे तक बात हुई और सबको बोलने का मौका मिला. उन्होंने कहा, ‘हम यहां गाली देने नहीं आए, देश की सेवा करने आए हैं. आप हमें न्याय दीजिए, हम आपके साथ काम करने को तैयार हैं.’ उन्होंने लक्ष्मण रेखा का सम्मान करने और सदन सुचारु चलाने पर जोर दिया.धर्मेंद्र यादव ने के सुरेश के प्रस्ताव का समर्थन किया और निशिकांत दुबे का नाम लेकर कहा कि पहले आपको सुधार करना होगा. इसके बाद निशिकांत दुबे खड़े हुए और बोले कि उन्होंने कभी मर्यादा का उल्लंघन नहीं किया. उन्होंने कहा, ‘माफी मांगें या साबित करें.’ यहां हल्का हंगामा हुआ. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि ताली दोनों हाथ से बजती है. उन्होंने के सुरेश से कहा कि कल की बैठक में जो फैसला हुआ, उसे पूरी तरह कहें, आधा-अधूरा नहीं।

किरेन रिजिजू ने कहा कि स्पीकर अगर पहल करें और विपक्ष बात करने को तैयार रहे, तो सरकार हमेशा तैयार है. उन्होंने लक्ष्मण रेखा खींचने पर जोर दिया और विपक्ष से स्पष्टीकरण मांगा कि स्पीकर की रूलिंग मानेंगे या नहीं. स्पीकर ओम बिरला ने सभी दलों की प्रतिबद्धता का जिक्र किया और सदन की पवित्रता बनाए रखने की अपील की. प्रस्ताव पर मतदान हुआ और स्पीकर ने घोषणा की, ‘प्रस्ताव पारित हुआ. निलंबन तुरंत प्रभाव से समाप्त किया जाता है।

INPUT-ANANYA MISHRA

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)