UP: लखनऊ (Lucknow) स्थित मदर टेरेसा फाउंडेशन आश्रम में उस समय भावुक क्षण देखने को मिले, जब हजरतगंज थाने के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह (Thakur Vikram Singh) अपनी पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने वृद्ध, असहाय और मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों के बीच समय बिताकर सेवा और संवेदना का अनूठा संदेश दिया। आश्रम का वातावरण उस समय आत्मीयता और अपनत्व से भर उठा।
बेसहारा लोगों को मिठाइयां वितरण
इंस्पेक्टर विक्रम सिंह और उनकी टीम ने आश्रम में रह रहे अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और बेसहारा लोगों को मिठाइयां, नए वस्त्र और फलों की टोकरी वितरित की। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई, जबकि कई वृद्धजन भावुक होकर अपनी आंखों के आंसू नहीं रोक सके। यह पल वहां मौजूद हर व्यक्ति के लिए यादगार बन गया।
अपनापन पाकर छलके जज्बात
आश्रम में रह रहे कई लोगों ने कहा कि उन्हें लंबे समय बाद ऐसा महसूस हुआ कि कोई अपना उनसे मिलने आया है। जिन लोगों को कभी परिवार और रिश्तेदारों ने ठुकरा दिया था, उनके लिए यह पहल नई उम्मीद लेकर आई। विक्रम सिंह की सरलता और संवेदनशील व्यवहार ने सभी का दिल जीत लिया।
समाज के लिए प्रेरणादायक कदम
हजरतगंज पुलिस की इस पहल को लोगों ने सराहा और धन्यवाद व्यक्त किया। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह का यह प्रयास समाज में सेवा, करुणा और मानवता की सशक्त मिसाल बनकर उभरा है। उनका यह कदम बताता है कि पुलिस की भूमिका केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)









































