UP: बहराइच (Bahraich) जिले में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे गिरिजापुरी पेट्रोल पंप से सुजौली जाने वाले मुख्य मार्ग पर जमुनिहा मोड़ बदलू चौराहे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से निकलकर एक टस्कर हाथी अचानक सड़क पर आ गया। इसी दौरान बिछिया निवासी सुजीत निषाद अपने चाचा राजकुमार लाला के साथ बाइक से सुजौली की ओर जा रहे थे। अचानक सामने हाथी को देख दोनों ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक छोड़ दी और भागकर अपनी जान बचाई।
करीब 10 मिनट तक सड़क पर डटा रहा हाथी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी लगभग 10 मिनट तक सड़क पर खड़ा रहा। इस दौरान सड़क से गुजर रहे गन्ने के ट्रक से गिरे गन्ने को उसने अपनी सूंड में लपेटकर खाना शुरू कर दिया। हाथी के सड़क पर खड़े रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टला बड़ा हादसा
घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर पेट्रोलिंग कर रहे कतर्नियाघाट के रेंजर आशीष गौंड, WWF के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी दबीर हसन और न्यूज संस्था के राजा हसन तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम ने वाहन का सायरन बजाया और पटाखे छोड़कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद हाथी गन्ना लेकर वापस जंगल में चला गया और यातायात बहाल हुआ। लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही से राहगीरों में दहशत है, वहीं वन विभाग की टीम क्षेत्र में सतर्कता बरतने और लोगों को जागरूक करने में जुटी हुई है।















































