उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में भाजपा (BJP) के नए प्रदेश अध्यक्ष (New BJP President) के चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन महामंत्री बीएल संतोष और आरएसएस के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद अब लगभग तय माना जा रहा है कि 14 दिसंबर को नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। इसके लिए पार्टी ने सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और करीब 400 प्रांतीय सदस्यों को लखनऊ बुलाया है, जो अध्यक्ष का औपचारिक चयन करते हैं। सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ या दोनों डिप्टी सीएम में से कोई एक प्रस्तावक की भूमिका निभा सकते हैं।
13 दिसंबर को नामांकन, 14 को ऐलान की तैयारी

जानकारी के अनुसार चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल व केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े 13 दिसंबर की सुबह लखनऊ पहुंचेंगे। उसी दिन दोपहर एक से दो बजे के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।अगले दिन 14 दिसंबर को अध्यक्ष का नाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची जारी
भाजपा संगठन पर्व के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव हेतु मतदाता सूची का विवरण… pic.twitter.com/iXh0MOxHY6
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) December 12, 2025
नए अध्यक्ष की दौड़ में कई दिग्गज नेता
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर चर्चा चल रही है। इनमें केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, धर्मपाल सिंह और बीएल वर्मा प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। यह भी माना जा रहा है कि पार्टी विपक्ष के पीडीए गठजोड़ की काट के तौर पर पिछड़े वर्ग से नेता चुन सकती है। हालांकि भाजपा अंदरूनी तौर पर कुछ नए और चौंकाने वाले विकल्पों पर भी विचार कर रही है।
शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद बढ़ी अटकलें
वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा और तेज हो गई थी। इससे पहले राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने भी लखनऊ में शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक की थी। लगातार जारी इन बैठकों और मंथन के बाद भाजपा ने आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर यह स्पष्ट कर दिया है कि लंबे समय से प्रतीक्षित नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है।









































