भाजपा को समाजवादी पार्टी जैसे खराब सांसदों की जरूरत नहीं…बोले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य- ओपी राजभर के दावों को किया खारिज

UP: उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी (सपा) को लेकर चल रही बयानबाजी के बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मंत्री ओम प्रकाश राजभर के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सपा टूटने वाली है और उसके सांसद भाजपा में शामिल होंगे। प्रयागराज में शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा को समाजवादी पार्टी जैसे खराब लोगों की कोई आवश्यकता नहीं है और राजभर की बातों में कोई दम नहीं है।

अपने ही पुराने बयान से उलझे नजर आए केशव

दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले गुरुवार को खुद केशव मौर्य ने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी के 25 से 26 सांसद भाजपा में आने के लिए तैयार हैं। वहीं, ओम प्रकाश राजभर पिछले तीन दिनों में कई बार सपा में टूट की भविष्यवाणी कर चुके हैं। उनका कहना है कि पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और लोकसभा के मानसून सत्र से पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है।

Also Read: Om Prakash Rajbhar का X हैंडल, BJP IT Cell और सुभासपा की सियासत

राजभर ने रामगोपाल यादव और महिला आरक्षण बिल का किया जिक्र

ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया था कि सपा नेता रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संपर्क कर कुछ सांसदों को भाजपा में शामिल करने की बात कही है। अंबेडकरनगर में लगातार चौथे दिन भी उन्होंने सपा के टूटने की बात दोहराई और इसके पीछे महिला आरक्षण बिल को एक बड़ी वजह बताया। हालांकि, इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अखिलेश और राजभर के बीच सोशल मीडिया पर तीखी नोकझोंक

राजभर के बयानों के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि भविष्यवाणी करने वाले पहले अपनी पार्टी का भविष्य देखें। इसके जवाब में राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट कर अखिलेश यादव और सपा नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने यहां तक कहा कि पार्टी में टूट के बाद बचे हुए संगठन की कमान शिवपाल यादव संभाल सकते हैं।

Also Read: ‘सपा में बड़ी टूट तय…’, समाजवादी पार्टी को लेकर ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा

करणी सेना अध्यक्ष के बयान पर भी बोले डिप्टी सीएम

इस बीच अलीगढ़ में करणी सेना के अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू द्वारा की गई टिप्पणी पर भी केशव मौर्य ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इतने हल्के स्तर की राजनीति करते हैं कि उन्हें यह भी नहीं पता होता कि कब क्या बोलना चाहिए। दरअसल, सूरजपाल सिंह अम्मू ने अलीगढ़ की सड़कों की तुलना करते हुए विवादित टिप्पणी की थी, जिस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)