राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI Summit 2026 के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि देश की प्रतिष्ठा से जुड़ी किसी भी गतिविधि के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। विधानसभा के बजट सत्र में बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रहा है, तब इस तरह की घटनाएं देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं। इस घटना ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है आज।
देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक साख मजबूत हुई है, लेकिन ऐसे विरोध प्रदर्शनों से अंतरराष्ट्रीय मंच पर गलत संदेश जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या देशहित से ऊपर कोई राजनीतिक एजेंडा हो सकता है? उनके मुताबिक, हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह ऐसी घटनाओं की निंदा करे जो भारत की गरिमा को आहत करती हों।
एआई समिट में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
दरअसल, एआई समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर टॉपलेस होकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। यह विरोध अचानक हुआ, जिससे कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए हलचल की स्थिति बन गई। इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।
यूथ कांग्रेस की सफाई
विवाद बढ़ने के बाद युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि यह विरोध युवाओं की आवाज उठाने के लिए किया गया था। उनका कहना है कि बेरोजगारी और हालिया व्यापार समझौतों से किसानों व आम लोगों को नुकसान की आशंका है, जिसे लेकर आक्रोश है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन हर नागरिक का अधिकार है और संगठन ने उसी अधिकार का प्रयोग किया।










































