संसद के दोनों सदनों लोकसभा एवं राज्यसभा में बुधवार को भी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देंगे। समझा जाता है कि पीएम मोदी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए, अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील एवं विपक्ष के आरोपों का जवाब देंगे। ट्रेड डील पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों पर विपक्ष प्रधानमंत्री से जवाब की मांग कर रहा है।
लोकसभा में हंगामा जारी
लोकसभा में सरकार के खिलाफ नारेबाजी और विपक्षी दलों की तरफ से हंगामे के दौर जारी है। स्पीकर ओम बिरला को सदन की कार्यवाही चंद मिनटों में ही स्थगित करनी पड़ी। बुधवार को प्रश्नकाल शुरू होने के बाद पीएमजीकेएवाई और जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के असर को लेकर झारखंड से निर्वाचित भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सवाल पूछा। इस बीच नारेबाजी का दौर जारी रहा। हंगामे के बीच ही केंद्रीय राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया ने सवाल का जवाब दिया। स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही संचालन में मदद की अपील की और कहा कि मर्यादित आचरण करते हुए संसद की गरिमा बनाए रखना सभी सांसदों का दायित्व है। हंगाना न थमने के कारण उन्होंने सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित कर दिया। राज्यसभा में कार्यवाही जारी है।
संसद के बजट सत्र का आगाज गत 28 जनवरी से हुआ है। आज छठे दिन की कार्यवाही के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे। इससे पहले मंगलवार को लोकसभा में पांचवें दिन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। दूसरी तरफ राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी रही। दरअसल, लोकसभा में राहुल गांधी ने एक मैगजीन का हवाला देते हुए अप्रकाशित किताब के अंशों को उद्धृत करने की अनुमति मांगी, जिस पर सत्तापक्ष ने आपत्ति जताई। विपक्ष ने आवाज दबाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार चर्चा से भाग रही है और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अहम मसलों पर चर्चा नहीं करना चाहती।
INPUT-ANANYA MISHRA














































