औरंगाबाद: रंजीत हत्याकांड के 8 आरोपियों को देव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान थाना क्षेत्र के बेलसारा गांव निवासी गणेश रिकियासन की पत्नी प्रियंका कुमारी, गणेश रिकियासन की पत्नी चांदमुनी देवी, स्व. तेतर भुईया के पुत्र गणेश रिकियासन, गणेश रिकियासन के पुत्र मुन्ना रिकियासन, स्व. श्याम सुंदर भुईया के पुत्र पिंटू भुईया, महान भुईया के हरेराम भुईया, गुरूदेव भुईया के पुत्र कुंदन कुमार एवं बाबू पट्टी बेलसारा निवासी वृहपत पासवान के पुत्र शिवशंकर पासवान के रूप में की गई है।
परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाया था हत्या का आरोप
दरअसल, घटना 18 फरवरी की है। थानाध्यक्ष कुमार सौरभ को सूचना मिली की बेलसारा भुईया बिगहा में ससुराल आए युवक रंजीत कुमार के द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई। लेकिन मामले में मृतक के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया था। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के निर्देश पर मदनपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया। गठित एसआईटी के द्वारा तकनीकी साक्ष्य, गैर तकनीकी साक्ष्य के आधार पर 48 घंटे के अंदर कांड में संलिप्त 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
चार अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर रचा था षडयंत्र
मदनपुर एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में यह बात प्रकाश में आई कि मृतक रंजीत कुमार और उनकी पत्नी प्रियंका कुमारी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना के दिन हुए झगड़े के बाद, पत्नी ने अपने माता-पिता, भाई और चार अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर षडयंत्र रचा। योजना के तहत रंजीत कुमार के साथ मारपीट करते हुए गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को बेलसारा गांव के बाहर बगीचे में फांसी के फंदे से लटका दिया गया। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों ने अपना-अपना अपराध स्वीकार किया। आवश्यक कार्रवाई के उपरांत गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष कुमार सौरभ सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे।











































