मुंबई से शादी में शामिल होने आया था युवक, नदी की गहराई ने ली अंतिम सांस; गांव में मचा कोहराम

अमेठी : शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के सत्थिन गांव स्थित गोमती नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार, पूरब देवकली गांव निवासी साहिद अफरीदी पुत्र मोहिद अली अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने मुंबई से गांव आया था. रविवार को वह अपने दोस्तों के साथ गोमती नदी में नहाने गया था.नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा.साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी के तेज बहाव और गहराई के कारण बाहर नहीं निकल सका.

घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला गया.आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाजार शुकुल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक परिवार का बड़ा बेटा था और घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। ग्रामीणों के अनुसार, वह अपने तीन भाइयों की देखभाल करता था और परिवार का मुख्य सहारा था.उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

सूचना पर थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

 

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)