सहारनपुर : सहारनपुर जनपद के थाना नकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 8,200 रुपये नगद और 532 ग्राम की सफेद धातु (चांदी) की ईंट बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को ग्राम पदमनगली निवासी मोनू ने घर का ताला तोड़कर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अलावा 28 अप्रैल को कस्बा नकुड़ निवासी चिराग ने भी अपने और अपने भाइयों के घरों में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
Also Read: ‘यूपी में जल्द बनेगा ‘दूसरा नोएडा…’, सीएम योगी ने इस शहर को लेकर कर दिया बड़ा ऐलान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना नकुड़ पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर आज नया गांव रोड स्थित बंद पड़े पेट्रोल पंप के पीछे से दो आरोपियों—शाहिद उर्फ टकला और सावेज उर्फ डिटोल—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ बंद मकानों की रेकी कर रात में ताला तोड़कर चोरी करते थे। चोरी किए गए चांदी के सामान को पिघलाकर ईंट बना ली जाती थी ताकि उसे आसानी से छिपाया और बेचा जा सके।
बरामद सामान में सोने के हार, टोप्स, नोज पिन, चांदी की पायल, बिछुए सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वृद्धि करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि पुलिस टीम की मुस्तैदी से यह सफलता मिली है और क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए अभियान जारी रहेगा।














































