बाराबंकी: दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के चौकी अलियाबाद अंतर्गत गुलचप्पा कलां गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. स्कूल जा रहे पांच बच्चों के ऊपर अचानक एक जर्जर ईंट की दीवार भरभराकर गिर गई. हादसे में एक ही परिवार के भाई-बहन समेत दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी के अनुसार, पांचों बच्चे रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए निकले थे. जैसे ही वे गांव की एक संकरी गली से गुजर रहे थे, रास्ते में स्थित वर्षों पुरानी जर्जर ईंट की दीवार अचानक ढह गई और सभी बच्चे मलबे में दब गए.चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया.
हादसे में गांव निवासी मुस्लिम के 7 वर्षीय पुत्र हुजैफा और 14 वर्षीय पुत्री हजरा बानो की मौत हो गई. वहीं सलमान के 8 वर्षीय पुत्र हस्सान, 4 वर्षीय पुत्री हानिया तथा अब्दुल मन्नान के 14 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अदनान घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है.
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे वाली दीवार काफी समय से जर्जर थी और लगातार बारिश के चलते उसकी स्थिति और कमजोर हो गई थी. उन्होंने कई बार मकान मालिक से दीवार हटाने या मरम्मत कराने की मांग की थी, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एसडीएम बृजेंद्र उपाध्याय, नायब तहसीलदार सुधाकर पांडेय और सीएचसी अधीक्षक अमित दुबे ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
जानकारी के बाद सीएचसी अधीक्षक डॉ अमित दुबे स्वास्थ्य टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल बच्चों का निरीक्षण किया..!



















































