‘सपा सरकार में तो DSP की हत्या होती थी..’, अखिलेश ने डिप्टी एसपी अशोक सिंह को घेरा तो शलभमणि त्रिपाठी ने दिया करारा जवाब

UP: मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र में ट्रक परिचालक की गोली मारकर हत्या के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर हुए हंगामे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह और कुछ लोगों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। इसी दौरान एक युवक पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शिकायत करने की बात कहता है। इस पर सीओ वीडियो बना रहे लोगों से वीडियो अखिलेश यादव को भेजने की बात कहते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। वहीं, अब इस पूरे घटनाक्रम पर बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

वीडियो बनाओ और अखिलेश यादव को भेज दो

वायरल वीडियो में हंगामे के बीच एक युवक लगातार अखिलेश यादव से शिकायत करने की बात कहता सुनाई देता है। इस पर सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह कथित तौर पर कहते हैं कि वीडियो बनाओ, वायरल करो और अखिलेश यादव को भेज दो। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग सीओ के तेवरों को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं, जबकि पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग दावे भी किए जा रहे हैं।

Also Read: ‘गुनाहगार दे रहा गवाही, सपाई हूं सपाई…’, नकली नोट कांड में MLA शलभमणि त्रिपाठी ने दिखाया पूरी समाजवादी पार्टी को आईना

सीओ ने बताई हंगामे की वजह

मामले पर सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि एलाऊ थाना क्षेत्र में ट्रक परिचालक की हत्या हुई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ के मुताबिक, इसके बाद एक प्रधान कुछ अन्य लोगों को भी हत्या के मामले में आरोपी बनाए जाने की मांग को लेकर लगातार हंगामा कर रहा था। पुलिस जांच में जिन लोगों के नाम सामने लाए गए, उनकी भूमिका घटना में नहीं पाई गई।

पोस्टमार्टम हाउस पर भी हुआ विवाद

सीओ के अनुसार, पोस्टमार्टम हाउस पर भी संबंधित प्रधान ने हंगामा किया और उन पर जाति विशेष के अधिकारी होने जैसी टिप्पणियां की गईं। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने वीडियो बनाते हुए इसे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भेजने की बात कही। सीओ का कहना है कि उन्होंने उसी बात के जवाब में वीडियो भेजने की बात कही थी। उनका दावा है कि वायरल वीडियो को संदर्भ से काटकर और तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।

Also Read:‘विधायक के साथ जरूर कोई अनहोनी …’, अवैध मजार विवाद पर MLA शलभमणि त्रिपाठी को फिर मिली जान से मारने की धमकी

अखिलेश यादव का रिप्लाई

डीएसपी का वीडियो वायरल हुआ तो अखिलेश यादव का रिप्लाई भी आ गया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि सिर पर ‘सत्ता-सजातीय’ हाथ है, इसीलिए इनकी मूंछों पर ताव है, ऐस लोगों से क्या होना इंसाफ़ है, पर अब ये कुछ दिनों की बात है, क्योंकि दस्तक दे रहा बदलाव है, हम निलंबन की माँग नहीं करेंगे!

शलभ मणि त्रिपाठी ने किया पुलिस अधिकारी का समर्थन

वायरल वीडियो को लेकर भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुलिस अधिकारी के समर्थन में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि डिप्टी एसपी अशोक कुमार सिंह मौके पर ड्यूटी कर रहे थे और एक बड़ी घटना के बाद उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई अधिकारी का वीडियो बनाकर उसे उकसाए और वक्त आने पर बदला लेने की धमकी दे, तो वर्दी पहना अधिकारी अपनी वर्दी की गरिमा और सम्मान की रक्षा करेगा ही।

शलभ मणि त्रिपाठी ने सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह के रवैये का समर्थन करते हुए उन्हें शाबाशी दी। उन्होंने कहा कि उन लोगों को पुलिस के ये तेवर आज इसलिए पसंद नहीं आ रहे हैं, क्योंकि पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि मैं उन्हें याद दिलाना चाहूंगा कि यही वे लोग हैं, जिनकी सरकार में डिप्टी एसपी की हत्या तक हुई थी। उन्हीं के शासनकाल में डिप्टी एसपी को हजरतगंज चौराहे पर बैठाकर जीप के बोनट पर घुमाया जाता था और आईपीएस अधिकारियों तक को नीचे बैठाया जाता था। उन्होंने कहा कि आज जब पुलिस अपराधियों के खिलाफ मजबूती से खड़ी है और वर्दी के सम्मान की रक्षा कर रही है, तो कुछ लोगों को पुलिस का यह तेवर नागवार गुजर रहा है। उन्होंने अशोक कुमार सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जो भी किया, वह वर्दी में रहते हुए अपने दायित्व का निर्वहन और वर्दी के सम्मान की रक्षा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)