UP: गुरुवार को गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र के नाहल गांव में पुलिस, एटीएस और आईबी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शावेज (20), जुनैद (23), फरदीन (22), इकराम (36), फजलू (48) और जावेद (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लोनी में यूट्यूबर सलीम स्वास्तिक पर हुए हमले के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी थी, जिसके दौरान इन लोगों की गतिविधियों पर संदेह हुआ।
देश विरोधी सामग्री फैलाने का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी कथित रूप से देश विरोधी और भड़काऊ सामग्री फैलाने में शामिल थे। बताया गया है कि ये लोग इंटरनेट और अन्य माध्यमों के जरिए ऐसी जानकारियां प्रसारित कर रहे थे, जिनसे माहौल खराब होने की आशंका थी। इसके लिए उन्होंने एक अलग समूह भी बनाया हुआ था, जिसके माध्यम से वे अपनी गतिविधियों को अंजाम देते थे।
हमलावरों से संपर्क की आशंका
खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला है कि गिरफ्तार किए गए कुछ लोग लोनी में यूट्यूबर सलीम स्वास्तिक पर हमला करने वालों के संपर्क में थे। इसी आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया। फिलहाल सभी आरोपियों से मसूरी थाने में गहन पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच तेज, गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। गांव में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और उनके संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है, ताकि इस मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )














































