UP: 700 विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और वीर जवानों को भेजी राखी, डाक विभाग की पहल से दिखा देशप्रेम

UP: चंदौली में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर भारतीय डाक विभाग की ओर से प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल, कुरहना में विशेष राखी डाक अभियान चलाया गया। इस अभियान में विद्यालय के छोटे बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक 700 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

700 से अधिक विद्यार्थियों ने जवानों को भेजी राखी और शुभकामना संदेश

डाक विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए विशेष राखी लिफाफों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, गृह मंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित भारतीय सेना, CRPF, RPF, BSF, उत्तर प्रदेश पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों में तैनात जवानों के लिए राखियां एवं शुभकामना संदेश भेजे। बच्चों ने राखी के साथ अपने मन की भावनाएं और देश की रक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए परिवार से दूर रहकर सेवा करने वाले जवानों तक राखी और शुभकामनाएं पहुंचाना उनके लिए गर्व की बात है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और वीर जवानों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

विद्यालय के डीन डॉ. आर.पी. सिंह ने भारतीय डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान बच्चों को देश और सुरक्षा बलों के प्रति जिम्मेदारी तथा सम्मान का भाव सिखाते हैं। उन्होंने डाक विभाग का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को भारतीय सेना, पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिस के जवानों के योगदान से अवगत कराया। इस अवसर पर डाक विभाग की ओर से चंदौली जनपद के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव दिनेश तिवारी मौजूद रहे। विद्यालय की ओर से शिक्षक कुमार नंद, दीपमाला यादव, अपर्णा बैनर्जी, अंकित राजपूत, जितेंद्र कुमार, आकाश सिंह राजपूत, विनय शर्मा, अखिलेश पांडे, प्रियंका यादव, नीतू मौर्य सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने इस सराहनीय पहल के लिए भारतीय डाक विभाग का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।