UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)के मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi) की मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मौलाना अब्दुल्ला सलीम (Maulana Abdullah Salim) के खिलाफ प्रदेश भर में विरोध तेज हो गया है। विभिन्न हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है, जिसके चलते कई शहरों में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। आरोप है कि मौलाना ने गोहत्या विरोधी कानून पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री की मां के बारे में अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद यह मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया। मौलाना आबदुलाह सलीम पर अब 83 FIR दर्ज कर ली गई है।
प्रदेशभर में दर्ज हुई शिकायतें
इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। बताया जा रहा है कि अब तक करीब 83 थानों में मौलाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की पहल की गई है। कई जगहों पर लोगों ने विरोध स्वरूप पुतले फूंके और कार्रवाई की मांग की। बढ़ते विरोध के बीच यह भी कहा जा रहा है कि पुलिस किसी भी समय मौलाना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है।
लखनऊ में करणी सेना का प्रदर्शन
राजधानी लखनऊ में करणी सेना ने भी इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया। मंगलवार शाम करीब चार बजे हजरतगंज चौराहे पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौलाना का पुतला जलाकर विरोध जताया। इसके साथ ही शहर के कई स्थानों पर उनके खिलाफ पोस्टर भी लगाए गए।
मौलाना की सफाई और नया बयान
विवाद बढ़ने के बाद मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने दावा किया कि वायरल वीडियो करीब दो साल पुराना है और उनकी बात को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है। मौलाना का कहना है कि उन्होंने मुख्यमंत्री की मां के बारे में कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की थी। हालांकि इस बयान के बावजूद विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है और मामले पर पुलिस व प्रशासन की नजर बनी हुई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































