गोण्डा : इटियाथोक थाना पुलिस ने विवाहिता महिला एवं उसके करीब तीन वर्षीय बच्चे को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुराचार के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त कमलेश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गोण्डा-बहराइच रोड स्थित खिरौरा रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर आरोपी को उस समय पकड़ लिया, जब वह बस का इंतजार कर रहा था और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी पुत्री का विवाह वर्ष 2022 में विवेक शुक्ला निवासी ग्राम छेदकपुरवा, मुण्डाडीहा बनगाई, थाना धानेपुर, जनपद गोण्डा के साथ हुआ था। पारिवारिक विवाद और दहेज की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है।
Also Read: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो: ‘स्वच्छ सुजल गांव’ में दिखेगा बदलता उत्तर प्रदेश
वादी के अनुसार, 5 मार्च 2026 को करीब रात 1 बजे उसकी पुत्री और उसका लगभग तीन वर्षीय बच्चा घर से निकले, जिन्हें विवेक शुक्ला एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया। मामले में तहरीर के आधार पर थाना इटियाथोक में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वांछित अभियुक्त की तलाश में जुटी पुलिस को मिली सूचना
24 सितंबर 2026 को थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त कमलेश तिवारी गोण्डा-बहराइच रोड पर खिरौरा रेलवे क्रॉसिंग के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम कमलेश तिवारी पुत्र सूर्यमणि तिवारी, निवासी ग्राम चिलबिला खत्तीपुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा बताया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना इटियाथोक में मु0अ0सं0 0069/2026 के तहत धारा 140(3)/64(2) एम बीएनएस में अभियोग पंजीकृत है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।














