बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री (Alankar Agnihotri) ने अपने एसडीएम पद से इस्तीफा देने के बाद अब सक्रिय राजनीति में कदम रखने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि वे आज वृंदावन की पावन भूमि से अपनी नई राजनीतिक पार्टी के नाम का औपचारिक ऐलान करेंगे। बताया जा रहा है कि पार्टी का नाम भगवान राम और भगवान कृष्ण के नामों के संगम से तैयार किया गया है। रविवार को मीडिया से बातचीत में अग्निहोत्री ने कहा कि यह निर्णय लंबे मंथन और विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।
वृंदावन से होगा पार्टी का ऐलान
अलंकार अग्निहोत्री सोमवार को सबसे पहले बांके बिहारी जी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे, जिसके बाद नई पार्टी के नाम की घोषणा की जाएगी। उनका कहना है कि वृंदावन की आध्यात्मिक धरती से इस नई राजनीतिक यात्रा की शुरुआत करना उनके लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित पार्टी का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता को सशक्त करना होगा।
शंकराचार्य पर FIR का विरोध
अग्निहोत्री ने शंकराचार्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उनका कहना है कि शंकराचार्य को साजिशन फंसाने की कोशिश की जा रही है और उन पर लगाए गए यौन शोषण के आरोप न केवल उन पर व्यक्तिगत हमला हैं, बल्कि पूरे सनातन समाज की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने वाले व्यक्ति पर स्वयं कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस्तीफे के बाद बढ़ी राजनीतिक सक्रियता
गौरतलब है कि अलंकार अग्निहोत्री ने यूजीसी की नई गाइडलाइंस और प्रयागराज मेले में हुए विवाद को लेकर अपने बरेली एसडीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के बाद से ही वे लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं। अब नई राजनीतिक पार्टी के गठन के साथ उन्होंने अपने अगले कदम की दिशा स्पष्ट कर दी है, जिससे प्रदेश की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल सकती है।









