सहारनपुर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मिर्जापुर पुलिस और स्वॉट/सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 492 ग्राम अवैध स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के आज मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने जंगल ग्राम आलमपुर में चेकिंग की।
इसी दौरान मेहताब पुत्र अब्दुल रहीम निवासी ग्राम दुमझेड़ा, थाना चिलकाना, सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर थाना मिर्जापुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
उसके आपराधिक इतिहास में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले, गैंगस्टर एक्ट का एक मामला और सड़क दुर्घटना से संबंधित एक मुकदमा शामिल है।पुलिस के मुताबिक आरोपी से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है तथा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)














