यूपी: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी सौगात, योगी सरकार देगी साड़ी-यूनिफॉर्म, बीमा-आयुष्मान कार्ड का भी मिलेगा लाभ

UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं (Anganwadi Workers) को साड़ी-यूनिफॉर्म, बीमा और आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। इस अवसर पर डीबीटी के माध्यम से कुल 38.49 करोड़ रुपये सीधे कार्यकर्ताओं के खातों में भेजे गए। सीएम ने इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने का भी वादा किया।

 साड़ी-यूनिफॉर्म और बीमा का लाभ

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को साड़ी-यूनिफॉर्म के लिए 29.59 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से स्थानांतरित किए गए। मंच पर नेहा दुबे, मानसी साहू, पूनम तिवारी और मनोरमा मिश्रा को साड़ी भेंट की गई, जबकि सेवा मित्र आकांक्षा और रत्ना भारती को यूनिफॉर्म सौंपी गई। इसके अतिरिक्त बीमा प्रीमियम के लिए 8.90 करोड़ रुपये की धनराशि भी सीधे खातों में भेजी गई।

Also Read: ‘उत्तर प्रदेश के लिए निवेश संभावनाओं का नया अध्याय शुरू…’, सीएम योगी आदित्यनाथ का जापान-सिंगापुर दौरे पर बड़ा बयान

सामाजिक सुरक्षा के तहत बीमा योजना

कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ा गया। 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की कार्यकर्ताओं के लिए मृत्यु होने पर परिजनों को 2 लाख रुपये का बीमा मिलता है, जिसका वार्षिक प्रीमियम 436 रुपये है। वहीं 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की कार्यकर्ताओं को दुर्घटना में मृत्यु या पूर्ण स्थायी विकलांगता होने पर 2 लाख रुपये और आंशिक विकलांगता पर 1 लाख रुपये का कवर मिलता है, जिसका वार्षिक प्रीमियम 20 रुपये है। साथ ही पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मंच पर बुलाकर आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए।

महिला उद्यमियों से संवाद और प्रेरणा

कार्यक्रम में सीएम ने वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर की 600 से अधिक महिलाओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। वाराणसी की सीता देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत उन्होंने ई-रिक्शा चलाकर और अन्य 250 महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया। गाजीपुर की प्रमिला देवी, चंदौली की सोनी कुमारी और जौनपुर की दुर्गा मौर्य ने भी अपनी व्यवसायिक गतिविधियों के बारे में साझा किया और अन्य महिलाओं को स्वावलंबन की ओर प्रेरित किया।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )