UP: माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुई, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में अबान के साथ उसके दोस्त सोनू समेत तीन लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहे थे सभी लोग
जानकारी के मुताबिक, अबान अहमद और उसके साथ मौजूद लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। रास्ते में हाईवे पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कर ली गई है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।
Also Read: प्रयागराज: अतीक अहमद के ड्राइवर मोहम्मद इरफान की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच तेज
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
झांसी के एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और कार का नियंत्रण खोना सामने आया है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों, वाहन की गति और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।
उमेश पाल हत्याकांड के बाद चर्चा में आया था अबान
अबान अहमद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटों में शामिल था। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। अक्टूबर 2023 में दोनों को रिहा कर उनकी बुआ की देखरेख में सौंप दिया गया था। वहीं, अतीक अहमद का बेटा अली अहमद अक्टूबर 2025 से झांसी जेल में बंद है, जिससे मुलाकात के लिए परिवार के लोग जा रहे थे। हादसे के बाद पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।



















































