UP: मासूम से दरिंदगी! पुलिस मुठभेड़ के बाद ढाई घंटे में आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

UP: इटावा जनपद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां थाना ऊसराहार क्षेत्र में एक 8 वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। इस संवेदनशील मामले में इटावा पुलिस ने बेहद मुस्तैदी दिखाते हुए महज ढाई घंटे के भीतर आरोपी को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई थीं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को ढूंढ निकाला। इसके बाद, जब पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर घटना से जुड़े साक्ष्य बरामद करने के लिए मौके पर पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।

Also Read: ‘UP में कानून का राज, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस…’, बलिया पहुंचे सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, विपक्ष पर साधा निशाना

​आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई

आरोपी द्वारा अचानक की गई फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की। पुलिस की ओर से चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।

​अवैध हथियार और साक्ष्य बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके साथ ही वारदात से जुड़े कई महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य भी पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है, ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)